DniNews.Live

बुलंदशहर में अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर:18 बीघा जमीन पर बने निर्माण ध्वस्त, प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण ने लगभग 18 बीघा जमीन पर अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ग्राम बहलीमपुरा दुर्गापुरम प्रथम, गली नंबर-6 के पास रेलवे रोड क्षेत्र में सुशील कुमार शर्मा और विजय कुमार (एडवोकेट) लगभग 11 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित कर रहे थे। इसके अतिरिक्त, शिकारपुर बाईपास रोड स्थित राधानगर और शास्त्री नगर के सामने पंकज वर्मा, दीपक वर्मा और रविंद्र द्वारा करीब 7 बीघा क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। इन दोनों स्थानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई सक्षम प्राधिकारी के निर्देशन में स्थानीय पुलिस, होमगार्ड्स और विकास प्राधिकरण की टीम की मौजूदगी में की गई। अभियान के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता सहित प्राधिकरण का अन्य स्टाफ भी मौके पर मौजूद रहा। प्राधिकरण की उपाध्यक्ष डॉ. अंकुर लाठर के मार्गदर्शन में यह ध्वस्तीकरण अभियान लगातार जारी है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के कोई भी निर्माण कार्य न करें और अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से बचें। प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्वीकृत कॉलोनियों की सूची उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। सूची के बाहर की सभी कॉलोनियां अवैध मानी जाएंगी और अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी लगातार जारी रहेगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *