बुलंदशहर में जिला कृषि, औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारंभ 16 मार्च को हुआ था और यह 19 अप्रैल 2026 तक चलेगी। प्रदर्शनी स्थल पर स्थित रविंद्र नाट्यशाला में प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में, रविवार को ओपन स्टेज पर रागिनी श्रीवास्तव की टीम ने “रामायण संध्या” का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में दर्शकों ने भावपूर्ण प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया। प्रदर्शनी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अतिरिक्त विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए हैं। इनमें खान-पान की विविधता और ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना के तहत स्थानीय उत्पादों की बिक्री मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ यहां खरीदारी और मनोरंजन का लुत्फ उठा रहे हैं। जिलाधिकारी श्रुति ने जनपदवासियों से प्रदर्शनी में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी ने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार के साथ इस प्रदर्शनी में आएं और कार्यक्रमों का आनंद लें।

Leave a Reply