DniNews.Live

बुकिंग के बावजूद सिलेंडर न देने पर ग्राहकों से मारपीट:कुशीनगर गैस एजेंसी पर दबंगई, कालाबाजारी का आरोप

कुशीनगर के चौरा खास स्थित शांति गैस एजेंसी पर ग्राहकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने एजेंसी कर्मचारियों पर बुकिंग के बावजूद सिलेंडर न देने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में ग्रामीण एलपीजी सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे थे। इसी दौरान लाइन तोड़ने को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद एजेंसी कर्मचारियों ने टोकन वितरण रोक दिया और एक ग्राहक को एजेंसी के अंदर खींचकर मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पहुंचे सरकारी शिक्षक उमेश सिंह कुशवाहा को भी कर्मचारियों ने बेरहमी से पीटा। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि एजेंसी में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही थी। उनका कहना है कि विरोध करने पर उपभोक्ताओं के साथ मारपीट की जाती है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विवाद के दौरान “रॉयल 100” नामक एक स्थानीय समूह के लोगों को बुलाया गया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। यह समूह क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए कुख्यात बताया जा रहा है। घटना के समय डायल 112 पुलिस मौके पर मौजूद थी। हालांकि, ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप नहीं किया, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ गया। थानाध्यक्ष चौरा खास दिनेश साहनी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर मिल गई है और मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। गैस एजेंसी पक्ष के दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *