![]()
बुकिंग के बाद भी नहीं मिल रहे गैस सिलिंडर:उपभोक्ताओं ने एजेंसी पर कालाबाजारी का आरोप लगाया
मथुरा के छाता तहसील क्षेत्र में घरेलू गैस सिलिंडर की अनुपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है। नोगांव के निवासियों ने आरोप लगाया है कि बुकिंग कंफर्म होने के बावजूद उन्हें समय पर सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गैस एजेंसी संचालक जानबूझकर उपभोक्ताओं को परेशान कर रहा है। स्थानीय निवासियों उमेश शर्मा, लव शर्मा, प्रेमपाल, रामेश्वर और राजकुमार सहित कई लोगों ने एजेंसी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि एजेंसी पर कुछ अनधिकृत व्यक्ति सक्रिय हैं, जो मिलीभगत से सिलिंडरों की कालाबाजारी कर रहे हैं। आम ग्राहकों को स्टॉक खत्म होने का बहाना बनाकर लौटा दिया जाता है, जबकि वही सिलिंडर ऊंचे दामों पर बेचे जा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, इस स्थिति के कारण उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। रसोई गैस के अभाव में उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई दिनों तक इंतजार के बाद भी सिलिंडर न मिलने से उनमें आक्रोश बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने इस पूरे मामले में जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की अपील की है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। इस संबंध में आपूर्ति इंस्पेक्टर मोहन प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में सिलिंडर उपलब्ध हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि संबंधित एजेंसी की जांच कराई जाएगी और यदि कोई अनियमितता पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Leave a Reply