DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

बिहार में हाड़ कंपाने वाली ठंड,10 जिलों में 8°C पारा:कल पूरे प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट; 6 जनवरी तक सर्दी से राहत नहीं

बिहार में नए साल की शुरुआत ठिठुरन भरी ठंड और घने कोहरे के बीच हुई है। ठंडी पछुआ हवा चलने के कारण हाड़ कंपाने वाली ठंड महसूस की जा रही है। बिहार के 10 जिलों में पारा 8 डिग्री तक पहुंच गया है। कल भी मौसम विभाग ने पूरे राज्य में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। 6 जनवरी तक सर्दी से राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज (1 जनवरी) को प्रदेश के सभी 38 जिलों में कोल्ड डे और कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसमें 28 जिलों में ऑरेंज और 10 जिलों में यलो अलर्ट है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के कई इलाकों में कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम हो गई है। सड़कों, रेल और हवाई यातायात पर भी कोहरे का असर साफ दिख रहा है। ठंड की वजह से सारण में 10वीं तक के स्कूल 4 जनवरी तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। वहीं दरभंगा, जहानाबाद, नालंदा में 8वीं तक के स्कूल 3 जनवरी तक के लिए बंद किए गए हैं। प्रदेश के 10 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट मौसम विज्ञान केंद्र ने बिहार के 10 जिलों में हल्के कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कोहरा का असर थोड़ा कम दिखेगा। लेकिन ठंडी हवा के कारण कड़ाके की ठंड महसूस की जाएगी। वहीं, 28 जिलों में कोल्ड-डे और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस जिलों में कोहरे का असर ज्यादा दिखेगा। तेजस-गरीब रथ का समय बदला तेजस राजधानी, गरीब रथ सहित पूर्व मध्य रेल से खुलने और गुजरने वाली 89 ट्रेनों का समय 1 जनवरी से बदल जाएगा। 12309 तेजस राजधानी दानापुर शाम 7:43 बजे पहुंचेगी और 7:45 बजे रवाना होगी। वहीं 13128 गरीब रथ दानापुर स्टेशन से शाम 7:08 बजे खुलेगी। पहले शाम 7:20 बजे खुलती थी। 12142 पाटलिपुत्र-मुंबई एक्सप्रेस सुबह 11:05 बजे की जगह अब 10:40 बजे खुलेगी। 12304 पूर्वा एक्सप्रेस दानापुर से अब सुबह 6:24 बजे खुलेगी। पहले 6:15 बजे रवाना होती थी। धूप के बावजूद क्यों बढ़ रही ठंड? मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि, जहां-जहां धूप निकल रही है, वहां भी ठंड का एहसास ज्यादा हो रहा है। दरअसल, साफ आसमान होने पर धरती की सतह से गर्मी तेजी से आकाश में चली जाती है, जिसे वैज्ञानिक भाषा में रेडिएशनल कूलिंग कहा जाता है। इसकी वजह से रात और सुबह का तापमान और नीचे चला जाता है। यही वजह है कि दक्षिणी बिहार में धूप निकलने के बावजूद ठिठुरन बनी हुई है। आगे कैसा रहेगा मौसम? मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 5 जनवरी तक राज्य में ठंड का असर बना रहेगा। इस दौरान कई जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी। सुबह और रात में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालांकि 6 जनवरी से ठंड से हल्की राहत मिलने की संभावना है। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है और कोहरे में भी कमी आएगी। 1 जनवरी: उत्तर के जिलों में कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। उत्तर-मध्य, उत्तर-पश्चिम और दक्षिण के जिलों में कोहरा छाएगा।
2 जनवरी: उत्तर-मध्य और पश्चिम के जिलों के कुछ स्थानों में घना कोहरा छाएगा। पटना का मौसम कैसा रहेगा? राजधानी पटना में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा और विजिबिलिटी कम हो सकती है। दिन में धूप निकलने की संभावना है, लेकिन ठंडी हवा के कारण ठंड अधिक महसूस की जाएगी। न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। पटना में बुधवार को धूप निकली, लेकिन न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री रहा। हालांकि, अधिकतम तापमान 2 डिग्री बढ़ कर 18.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। राज्य के उत्तर-पश्चिम और दक्षिण बिहार में घना कुहासे के साथ कोल्ड डे रहा। राज्य के 13 शहरों का तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है। जानिए 2025 में कैसा रहा बिहार का मौसम
2025 में बिहार में मौसम का चरम रूप देखने को मिला। राज्य के लोगों को 7 दिन ग्रीष्म लहर और एक दिन भीषण ग्रीष्म लहर झेलनी पड़ी। पांच दिन तक उष्ण रात्रि की स्थिति रही। ठंड के मौसम में 13 दिन शीत दिवस और 6 दिन भीषण शीत दिवस रहा। दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान राज्य में 686.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 31 प्रतिशत कम रही। हालांकि वर्षा की कमी के बावजूद कई मौकों पर अत्यधिक वर्षा की घटनाएं भी सामने आई। राज्य के 74 स्थानों पर भारी वर्षा, 60 स्थानों पर अति भारी वर्षा और 24 स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा दर्ज की गई। तापमान के लिहाज से भी साल असामान्य रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस डेहरी में 27 अप्रैल 2025 को, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस गया जी में 31 दिसंबर 2025 को रिकॉर्ड किया गया। 149 दिन वज्रपात की घटनाएं रिपोर्ट की गई, जिसका प्रभाव जन-जीवन, कृषि और आधारभूत संरचना पर पड़ा। बिहार में मौसम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…


https://ift.tt/hlyobID

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *