DniNews.Live

बिहार बॉर्डर पर पेट्रोल-डीजल का संकट:3 दिन से 6 पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म, सप्लाई भी नहीं आ रही

देवरिया में यूपी-बिहार सीमा से सटे इलाकों में पेट्रोल और डीजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। पिछले तीन दिनों से लगभग आधा दर्जन पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर देवरिया से बरियारपुर और सरोड़ा होते हुए बिहार जाने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। देवरिया जिला मुख्यालय से बरियारपुर, सरौरा होते हुए बिहार जाने वाले मार्ग पर कई पेट्रोल पंप स्थित हैं। इनमें इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप लाहिलपार और बीपीसीएल पेट्रोल पंप लाहिलपार पर पेट्रोल-डीजल पूरी तरह समाप्त हो गया है। इसके अतिरिक्त, करौदी बाजार स्थित बाबा अमरनाथ पेट्रोलियम और धुसवा बाजार के अननया पेट्रोलियम सहित अन्य पंपों पर भी यही स्थिति बनी हुई है। इन पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी से दैनिक यात्रियों, ट्रांसपोर्टरों और बाइक सवारों को काफी असुविधा हो रही है। कई वाहन चालकों को लंबी दूरी तय कर अन्य क्षेत्रों से ईंधन भरवाना पड़ रहा है, जिससे उनके समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, अचानक ईंधन आपूर्ति बाधित होने से स्थिति गंभीर हो गई है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां से बिहार आने-जाने वाले वाहनों की संख्या अधिक रहती है, जिससे ईंधन की मांग भी अधिक है और संकट गहरा गया है। जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार पांडे ने बताया कि कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल खत्म होने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की रिपोर्ट मांगी गई है और रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन द्वारा जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, जब तक आपूर्ति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक लोगों को इसी तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *