बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के लोहारिया गांव निवासी नीतीश कुमार की बुधवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह बिहार पुलिस ड्राइवर की परीक्षा देने बेगूसराय जा रहे थे। यह घटना नवगछिया के खरीक पेट्रोल पंप के पास हुई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार, नीतीश अपने चाचा गिरधारी यादव के साथ बाइक से बेगूसराय के लिए निकले थे। खरीक पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में नीतीश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल गिरधारी यादव को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। माता-पिता का इकलौता बेटा था मृतक नीतीश के घर पर मौत की खबर मिलते ही शोक का माहौल छा गया। परिजनों ने बताया कि नीतीश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और पुलिस सेवा में भर्ती होकर परिवार का सहारा बनना चाहता था। इस हादसे ने उसके सपनों को अधूरा छोड़ दिया। ग्रामीणों ने बताया कि नीतीश शांत स्वभाव का और परिश्रमी युवक था। उसकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। दुर्घटना के संबंध में स्थानीय पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
https://ift.tt/kJ1fScI
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply