DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

बिहार दिनभर, 15 बड़ी खबरें:RJD बोली-नहीं खाली करेंगे राबड़ी आवास, फंदे से लटका मिला बैंक मैनेजर, छात्राओं को डंपर ने उड़ाया

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी को मकान खाली करने का नोटिस दिया है। इसके बाद राजद ने कहा कि किसी हाल में राबड़ी आवास खाली नहीं करेंगे। वहीं, सहरसा में बैंक मैनेजर का फंदे से लटका शव मिला है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा… टॉप 15 खबरें… 1. किसी हाल में राबड़ी आवास खाली नहीं करेंगे 20 साल बाद लालू परिवार को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास (राबड़ी आवास) खाली करने का नोटिस मिला है। मंगलवार को बिहार भवन निर्माण विभाग ने ये नोटिस भेजा है। भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि बिहार विधान परिषद के आवासन के लिए पटना केन्द्रीय पुल की आवास संख्या 39 हार्डिंग रोड अलॉट किया गया है। इसी सिलसिले में आज राजद कार्यकर्ता राबड़ी आवास पहंचे। लालू यादव और राबड़ी देवी से मिलने की कोशिश की। लेकिन मुलाकात नहीं हुई। नोटिस को लेकर लालू परिवार एकजुट है। रोहिणी आचार्या और तेजप्रताप ने नीतीश कुमार को घेरा है। पूरी खबर पढ़ें 2. फंदे से लटका मिला बैंक मैनेजर, सुसाइड नोट मिला सहरसा में IDBI बैंक मैनेजर का फंदे से लटका शव मिला है। मैनेजर की पहचान राकेश रौशन (45) के रूप में हुई है। घटना के समय वे घर में अकेले थे। उनकी पत्नी और बच्चे झारखंड के गोड्डा में अपने मामा की शादी में शामिल होने गए थे। कमरे से सुसाइड नोट मिला है। इसमें उन्होंने लिखा है, पारिवारिक विवाद और बढ़ते काम के दबाव की वजह से मैं सुसाइड कर रहा हूं। घटना सहरसा सदर थाना क्षेत्र की है। पुलिस को घटना की जानकारी मिलने के बाद कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया गया। पूरी खबर पढ़ें 3. ‘बाबर की कोई भी औलाद मस्जिद नहीं बना पाएगी’ बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा है कि, कोई भी बाबर की औलाद मस्जिद नहीं बना पाएगा। अब केवल भारत में सिर्फ श्री राम और जानकी का मंदिर ही बनेगा। मां भारती का संतान जग चुका है। अब बाबर का कोई भी औलाद बाबरी मस्जिद भारत में नहीं बनाएगा। भारत में राम का मंदिर और मां जानकी का मंदिर ही बनेगा। पूरी खबर पढ़ें 4. ITBP जवान ने पिता की 3 गोली मारकर हत्या की लखीसराय में एक ITBP के जवान ने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। उसके बाद उसने खुद को पिस्टल से शूट कर लिया। परिजन ने बताया कि विकास कुमार वर्तमान में इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) में पोस्टेड था। बिहार विधानसभा चुनाव में उसकी ड्यूटी छपरा में लगी थी। इसके बाद वह छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था। मंगलवार की शाम लगभग 7.30 बजे विकास की उसकी पत्नी से बहस हो गई। बात बढ़ी तो विकास अपने कमरे से पिस्टल ले कर आया गया। पूरी खबर पढ़ें 5. केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में बिहार की जीत पर चर्चा केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में बिहार चुनाव की जीत पर चर्चा हुई। मंत्रियों ने खुशी जताते हुए पीएम के लिए तालियां बजाईं। पीएम मोदी ने कहा कि एकता हमारी ताकत है और NDA गठबंधन प्राकृतिक है। यह सिर्फ चुनाव के लिए नहीं बल्कि लंबे समय तक साथ चलने वाला गठबंधन है। मंत्रियों ने भी इस जीत को नीतियों और नेतृत्व की सफलता का प्रतीक बताया। पूरी खबर पढ़ें 6. छात्राओं को डंपर ने उड़ाया, 200 मीटर घसीटा वैशाली में बुधवार सुबह स्कूल जा रही 2 छात्राओं को डंपर ने उड़ा दिया। ट्रक की स्पीड ज्यादा थी। ड्राइवर दोनों को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। इसके बाद उसने गाड़ी रोकी। गांव के लोगों ने दोनों छात्राओं को डंपर के नीचे से निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों की हालत गंभीर बनी है। नाराज परिवार के लोगों ने सड़क जाम कर दी। आगजनी कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। पूरी खबर पढ़ें 7. श्रमिक कोड के विरोध में पीएम का पुतला फूंका शेखपुरा में वाम दलों ने न्यू श्रमिक कोड के खिलाफ प्रदर्शन किया। बुधवार को शहर में जुलूस निकाला गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका गया। यह प्रदर्शन राष्ट्रव्यापी आंदोलन का हिस्सा था। जिला किसान नेता ललित शर्मा और सीपीएम के जिला सचिव व मजदूर नेता बीरबल शर्मा के नेतृत्व में यह जुलूस शेखपुरा के सीपीआई कार्यालय, कार्यानंद शर्मा भवन से शुरू हुआ। पूरी खबर पढ़ें 8. डीएलएड रिजल्ट जारी, 79.08 प्रतिशत अभ्यर्थी पास बिहार विद्यालय परीक्षा समिति आज बुधवार को डीएलएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2025 का रिजल्ट जारी कर दिया है। बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने आधिकारिक रूप से रिजल्ट की घोषणा की है। इस परीक्षा में कुल 3,23,313 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिसमें से 2 लाख 55 हजार 468 अभ्यर्थी पास हुए हैं। कुल 79.08 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल रहे हैं। BSEB बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने कहा, ‘अब 306 डीएलएड संस्थान में एडमिशन के लिए बिहार बोर्ड की ओर से 29 नवंबर से 5 दिसंबर तक फॉर्म भरे जाएंगे। यह अभ्यर्थी उस दौरान अपने कॉलेज का चयन कर सकेंगे। इनके चयन के आधार पर सभी का नामांकन होगा।’ पूरी खबर पढ़ें 9. RPF कॉन्स्टेबल ने बचाई महिला और बच्चे की जान गयाजी जंक्शन पर आज यानी बुधवार को बड़ा हादसा टल गया। रनिंग ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही महिला अपने बच्चे के साथ प्लेटफॉर्म पर गिर रही थी, तभी आरपीएफ के कॉन्स्टेबल ने महिला और उसके बच्चे को बाहर की ओर खींच लिया। इससे उसकी जान बच गई। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है- प्लेटफॉर्म से ट्रेन खुलने वाली है। यात्री जल्दी-जल्दी ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस दौरान एक महिला गोद में बच्चा लिए तेजी से ट्रेन के पास पहुंचती है और चढ़ने की कोशिश करती है, तभी वो लड़खड़ाने लगती है। पूरी खबर पढ़ें 10. छपरा सदर अस्पताल में गार्ड-महिला में मारपीट छपरा सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में बुधवार की सुबह करीब एक घंटे तक अफरा तफरी का माहौल रहा। अस्पताल की एक महिला गार्ड और एक अन्य महिला के बीच तीखी नोकझोंक के बाद मारपीट शुरू हो गई। मरीज और उनके परिजनों को खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन ने भगवान बाजार थाने की पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को अलग कर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को आगे की कार्रवाई के लिए थाने भेज दिया। पूरी खबर पढ़ें 11. स्मैक माफिया के ठिकानों पर चला बुलडोजर बिहार में नई सरकार के बनने के साथ बुलडोजर चलना शुरू हो गया है। किशनगंज पुलिस ने स्मैक के अवैध कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शहर के खगड़ा मेला ग्राउंड इलाके में स्मैक के 12 से अधिक अवैध अड्डों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई बिहार के डिप्टी CM और गृह मंत्री सम्राट चौधरी के अपराध से कमाई गई अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाने के ऐलान के बाद हुई है। SP सागर कुमार के निर्देश पर सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई से पहले उन ठिकानों को चिह्नित किया गया था, जहां स्मैक बेची और पी जाती थी। पूरी खबर पढ़ें 12. सड़क दुर्घटना में तीन बच्चियों समेत 10 घायल मुंगेर में बुधवार को तेज रफ्तार के कारण दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इन हादसों में तीन बच्चियों सहित कुल 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चार की हालत नाजुक बनी हुई है। पहली घटना बुधवार तड़के एनएच-80 पर हेमजापुर थाना के पास हुई। लखीसराय से आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सुरेश साह की चाय दुकान में जा घुसी। इस दौरान दुकान के पास ठेले पर बैठे चार ग्रामीण और ट्यूशन जाने के लिए खड़ी तीन बच्चियां कार की चपेट में आ गईं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी खबर पढ़ें 13. एक्टिव मोड में सीएम नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री बनने के बाद सीएम नीतीश कुमार एक्टिव मोड में हैं। वो लगातार कार्यों का जायजा ले रहे हैं। सीएम नीतीश कुमार बुधवार की सुबह दानापुर बिहटा एलिवेटेड रोड का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने दिशा निर्देश भी दिए। पूरी खबर पढ़ें अब वो खबर जो हटकर है 14. रोहिणी ने लालू यादव के साथ शेयर किया AI वीडियो 20 साल बाद नीतीश सरकार ने राबड़ी आवास (10 सर्कुलर रोड) को खाली करने का नोटिस दिया है। इस पर उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने प्रतिक्रिया दी थी कि, राजद सुप्रीमो की सेहत का नहीं तो कम से कम उनके कद का तो ख्याल रखा होता। इसके बाद उन्होंने लालू के साथ AI वीडियो अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि, किसी बेटी का बाप होना इतना आसान नहीं होता जनाब। पूरी खबर पढ़ें जानिए कल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम 15. न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की गिरावट बिहार में अगले 72 घंटे के दौरान कई जिलों के न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। इससे सुबह और शाम में अधिक ठंड महसूस होगी। इसके साथ ही उत्तर बिहार में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।


https://ift.tt/p5u3y9A

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *