बिहारशरीफ शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है। देवीसराय से कारगिल चौक तक बने फ्लाईओवर के नीचे की खाली जगह अब जल्द ही एक हरे-भरे और मॉडर्न पार्क के रूप में नजर आएगी। विधानसभा चुनाव के पहले पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से 3.89 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले पार्क का शिलान्यास किया था। चुनाव बाद इस भव्य पार्क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। करीब 2 किलोमीटर लंबे इस पार्क के बनने से न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि लोगों को सुबह-शाम टहलने और सुकून के पल बिताने के लिए एक नया ठिकाना भी मिलेगा। यह पार्क फ्लाईओवर के नीचे लगभग 11 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला होगा। फिलहाल निर्माण कार्य की शुरुआत चहारदीवारी बनाने से हुई है, जिसकी ऊंचाई 5 फीट रखी गई है। काम शुरू करने के लिए विभाग ने 1.20 करोड़ रुपए की राशि भी जारी कर दी है। विशिष्ट लैंडस्केप और हरियाली होगी खास योजना के अनुसार, इसे एक विशिष्ट लैंडस्केप के रूप में विकसित किया जाएगा। पार्क को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि यहां आने वाले लोगों को प्रकृति की गोद में होने का अहसास हो। यहां हरे-भरे वृक्ष और विभिन्न प्रकार के सुगंधित फूल लगाए जाएंगे। फ्लाईओवर के दोनों तरफ की सड़कों से गुजरने वाले वाहन चालक भी इस हरियाली का आनंद ले सकेंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास तत्कालीन वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री और स्थानीय विधायक डॉ. सुनील कुमार ने किया था। यह शहर का इकलौता ऐसा पार्क होगा जो फ्लाईओवर के नीचे स्थित होगा, जिससे बेकार पड़ी जगह का सदुपयोग भी होगा और शहर का वातावरण भी सुधरेगा।
https://ift.tt/gRhnrlT
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply