बिल्हौर क्षेत्र के उत्तरीपूरा कस्बे में मंगलवार को जीटी रोड स्थित एक मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक दुकान को भी लपेटे में ले लिया। जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए और कड़ी मेहनत कर किसी तरह आग बुझाई। उत्तरीपूरा चौकी क्षेत्र में भारत बैट्री सर्विस नाम की दुकान में लगी आग से बैटरी, ऑयल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर राख हो गए। दुकान मालिक मोहम्मद इसरार के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। किसी तरह जान बचाकर बाहर निकले और जो थोड़ा बहुत सामान निकाल सके, वही बच पाया। लाखों का हुआ नुकसान दुकान मालिक ने करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। वहीं पास के मकान में भी आग की चपेट में आने से भारी क्षति हुई। मकान मालिक अवधेश कुमार के अनुसार, उनके घर में रखे उपकरण व अन्य सामान जलने से करीब 12 से 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने संभाली स्थिति घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाद में फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। कारणों का नहीं चला पता उत्तरीपूरा चौकी इंचार्ज अमित कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से सहायता की मांग की है। उनका कहना है कि अचानक लगी इस आग से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है, जिससे उबरना मुश्किल होगा।

Leave a Reply