DniNews.Live

बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने 4 साल के काम गिनाए:बोले- रोडवे स्टैंड, कंपोजिट स्कूल और पक्का गंगाघाट बनवाया, बदायूं-बिल्सी मार्ग चौड़ा करा रहा

बदायूं की बिल्सी से भाजपा विधायक हरीश शाक्य ने अपने चार साल के कार्यकाल को संतोषजनक बताते हुए कई विकास कार्य गिनाए। उन्होंने शिक्षा, सड़क और गंगाघाट जैसे प्रोजेक्ट्स को अपनी बड़ी उपलब्धि बताया। भास्कर से खास बातचीत में विधायक ने अपने कामकाज, अधूरे प्रोजेक्ट और आगामी चुनाव को लेकर बेबाक राय रखी। दैनिक भास्कर रिपोर्टर से खास बातचीत में विधायक ने बेबाकी से सवालों के जवाब दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: पिछले चार साल में किए कामों के लिए खुद को कितने नंबर देंगे?
जवाब: जब से क्षेत्र की जनता ने मुझे जिम्मेदारी दी है, तब से लगातार विकास कार्यों में लगा हूं। इतने काम हुए हैं कि मैं खुद को 10 में से 10 नंबर दूंगा। सवाल: आपने सबसे बड़ा काम कौन सा कराया?
जवाब: शिक्षा के क्षेत्र में कई काम किए हैं। महाराणा प्रताप डिग्री कॉलेज में अब बीएससी की कक्षाएं शुरू होंगी। बरसुआ गांव में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल बनवाया जा रहा है, जहां कक्षा 1 से इंटरमीडिएट तक के बच्चे एक ही छत के नीचे पढ़ सकेंगे। इसके अलावा रोडवेज बस स्टैंड बनवाया गया है। बदायूं-बिल्सी मार्ग के चौड़ीकरण का टेंडर हो चुका है, जिससे सड़क 10 मीटर चौड़ी होगी। जाम से राहत के लिए बाइपास प्रस्तावित है। बड़ेरिया गांव में पुल का निर्माण कराया गया है और कछला रोड को भी चौड़ा किया जा रहा है। सावन में भारी भीड़ को देखते हुए गंगाघाट का काम पूरा कराया गया है। कासगंज की ओर 25 करोड़ की लागत से पक्का घाट बनाया जाएगा। विधायक निधि से गांव-गांव में सड़कों का निर्माण कराया गया है। गंगाघाट को पक्का कराने का काम पहले नहीं हुआ था, जबकि यहां डूबने की घटनाएं होती रही हैं। सवाल: ऐसा कौन सा काम है, जो अभी नहीं हो सका?
जवाब: अभी तक मेरे संज्ञान में कोई ऐसा काम नहीं है, जो पूरा न हो सका हो। सवाल: क्या इस बार भी टिकट के दावेदार हैं?
जवाब: टिकट देना पार्टी का निर्णय है। हम कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं। पिछली बार भी पार्टी ने मौका दिया था और इस बार भी उम्मीद है। सवाल: क्या पार्टी इस बार आपको टिकट देगी?
जवाब: इसमें कोई दिक्कत नहीं है, मुझे पूरा विश्वास है कि पार्टी मुझे ही टिकट देगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *