ललितपुर जिले के बिरधा क्षेत्र में शुक्रवार को हुई तेज ओलावृष्टि से किसानों की रबी की फसलें बर्बाद हो गईं। गेहूं, चना और सरसों सहित अन्य फसलें पूरी तरह चौपट हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर बाद तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई, जिसके बाद करीब 15 से 20 मिनट तक लगातार बड़े-बड़े ओले गिरे। ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी फसलें जमीन पर गिर गईं। स्थानीय किसानों जैसे आर्यन महाराज, सीताराम, प्रमोद, धर्मेंद्र, जगदीश, नेता मोती, अरविंद्र, अन्नू, पप्पू, अभिषेक, भरत और कृष्णा ने बताया कि इस बार अच्छी फसल की उम्मीद थी, लेकिन ओलावृष्टि ने उनकी पूरी मेहनत बर्बाद कर दी। ओलावृष्टि से कई कच्चे मकानों और टीन शेड को भी नुकसान पहुंचा है। पशुओं के लिए रखा चारा भी भीग गया है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रभावित किसानों और ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है। किसानों ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि नुकसान का त्वरित आकलन कर उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।

Leave a Reply