कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में रंगदारी को लेकर मिट्टी ढुलाई कर रही एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के ट्रक चालक पर दबंगों ने फायरिंग कर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद समेत 4-5 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित अभिषेक चतुर्वेदी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी फर्म ‘जय श्री राम कंस्ट्रक्शन कंपनी’ को चौबेपुर के ग्राम डिगरापुर में मिट्टी ढुलाई का अनुज्ञापत्र मिला हुआ है। आरोप है कि बीते कई दिनों से क्षेत्र का रहने वाला राजेश यादव उनसे रंगदारी की मांग कर रहा था। वह लगातार धमकी दे रहा था कि यदि इलाके में काम करना है तो रुपये देने होंगे, अन्यथा काम बंद करवा दिया जाएगा। ट्रक न रोकने पर चालक पर झोंका फायर घटना 27 मार्च की देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच की है। तहरीर के अनुसार, विन्धवासिनी फिलिंग स्टेशन, गंभीरपुर के पास राजेश यादव, विशेष यादव निवासी गुनऊपुरवा और शुभम यादव निवासी गंभीरपुर अपने 4-5 अज्ञात साथियों के साथ पहुंचे। आरोपियों ने कंपनी के ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक द्वारा ट्रक न रोकने पर उस पर अवैध असलहे से फायरिंग कर दी। साथ ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपियों की तलाश जारी घटना की जानकारी मिलते ही कंपनी संचालक मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। वही पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर राजेश यादव, विशेष यादव, शुभम यादव समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।वही पूरे मामले को लेकर थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।जांच की जा रही है।

Leave a Reply