सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर गन्ने के खेत में अचानक आग लगने से करीब पांच बीघा फसल जलकर राख हो गई। इस घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के बबुर्दी गांव निवासी किसान पंकज शुक्ला का खेत जसवंतपुर गांव में स्थित है। सोमवार को अचानक उनके गन्ने के खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब पांच बीघा गन्ना जलकर नष्ट हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि आसपास के खेतों में गेहूं की पकी फसल खड़ी थी। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो सैकड़ों बीघा गेहूं की फसल भी चपेट में आ सकती थी। ग्रामीणों की तत्परता के चलते बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना किसान द्वारा पुलिस और फायर सर्विस को भी दी गई थी, लेकिन ग्रामीणों ने पहले ही आग बुझा दी थी। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था। पीड़ित किसान पंकज शुक्ला ने बताया कि गन्ना बुवाई के लिए तैयार खड़ा था और इस आग से उन्हें भारी नुकसान हुआ है। किसान ने आरोप लगाया कि खेत के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली लाइन के तार गन्ने की पत्तियों को छूते रहते हैं, जिससे निकलने वाली चिंगारी के कारण आग लगी। उनका कहना है कि इस समस्या की शिकायत कई बार बिजली विभाग से की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस मामले में नेरी उपकेंद्र के जेई जगदीश कुमार ने बताया कि लाइनमैन को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। वहीं लेखपाल राम सागर ने भी स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपने की बात कही है। थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply