DniNews.Live

बिजनौर में ससुराल में युवक की संदिग्ध मौत:परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

बिजनौर के नजीबाबाद क्षेत्र में ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने उसके ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मुजफ्फरनगर के थाना तितावी स्थित ग्राम जसौई निवासी 25 वर्षीय तालिब पुत्र अब्दुल रहीम के रूप में हुई है। तालिब का प्रेम विवाह 11 जनवरी 2026 को बिजनौर जिले के नजीबाबाद थाना क्षेत्र के ताहरपुर निवासी यासीन की पुत्री रूबी के साथ हुआ था। मृतक के पिता अब्दुल रहीम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा तीन दिन पहले अपनी साली की शादी में शामिल होने ससुराल ताहरपुर आया था। उन्हें 27 मार्च 2026 को रात लगभग 8:00 बजे बेटे तालिब की मौत की सूचना मिली। अब्दुल रहीम ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद वे स्वयं जानकारी करते हुए सरकारी अस्पताल समीपुर पहुंचे, जहां तालिब को मृत अवस्था में पाया। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि तालिब देहरादून में काम करता था और लड़की भी वहीं रहती थी। दोनों ने प्रेम प्रसंग के चलते शादी की थी, जिससे लड़की के परिवार वाले खुश नहीं थे। उन्होंने आशंका जताई है कि लड़की के परिवार वालों ने ही इस घटना को अंजाम दिया है। अब्दुल रहीम ने यह भी बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि तालिब ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि, उनका कहना है कि यदि फांसी लगाई होती तो शव किसी पेड़ या अन्य जगह लटका हुआ मिलता, लेकिन उसका शव जमीन पर पड़ा मिला। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *