बिजनौर जिला क्रीड़ा अधिकारी राजकुमार ने बताया कि जिले में एक और बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता आयोजित करने का प्रस्ताव खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ को भेजा गया है। यह पहल बिजनौर महोत्सव 2024 के तहत आयोजित पहली बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता की सफलता के बाद की गई है। पिछली प्रतियोगिता अत्यंत सफल रही थी, जिसमें खिलाड़ियों और दर्शकों का व्यापक उत्साह देखने को मिला था। इसी सफलता को ध्यान में रखते हुए, जिला बिजनौर में एक और बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता आयोजित कराने का प्रस्ताव तैयार कर खेल निदेशालय को प्रेषित किया गया है। खेल अधिकारी राजकुमार ने बताया कि खेल निदेशालय या शासन स्तर से स्वीकृति और आवश्यक निर्देश मिलते ही प्रतियोगिता की तिथि घोषित कर दी जाएगी। इसकी विस्तृत सूचना बाद में सार्वजनिक की जाएगी। इस प्रतियोगिता में जनपद बिजनौर के साथ-साथ अन्य जनपदों और बाहरी क्षेत्रों के खिलाड़ी भी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। उन्होंने जनपद और बाहरी क्षेत्रों के इच्छुक खिलाड़ियों से अपील की है कि वे प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए तैयार रहें। अधिक जानकारी के लिए जिला खेल कार्यालय, बिजनौर से संपर्क बनाए रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply