DniNews.Live

बालेंद्र मौर्य ने कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार की बर्खास्तगी मांगी:पुतला दहन को ‘घिनौनी हरकत’ बताया, संपत्ति जांच की मांग की

मुजफ्फरनगर के पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र में सियासी विवाद गहराता जा रहा है। वरिष्ठ सपा नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य बालेंद्र मौर्य ने कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है। यह मांग मंत्री के समर्थकों द्वारा विधायक पंकज मलिक का पुतला दहन किए जाने की घटना के बाद सामने आई है। मौर्य ने इस पुतला दहन को “घिनौनी हरकत” करार दिया। उन्होंने कहा कि किसी जीवित व्यक्ति का पुतला जलाना समाज में वैमनस्यता फैलाने जैसा है। यह घटना पुरकाजी में पंकज मलिक के पुतला दहन के विरोध में लगातार हो रही पंचायतों के बाद सामने आई है। बालेंद्र मौर्य ने अपनी पहचान “दलित समाज” से जोड़ते हुए कहा कि एक मंत्री किसी एक समाज का नहीं, बल्कि सभी 36 बिरादरी का प्रतिनिधि होता है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार की संपत्ति में कथित वृद्धि पर भी सवाल उठाए। मौर्य के अनुसार, चुनाव से पहले और अब की संपत्ति में “जमीन-आसमान का अंतर” है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मौर्य ने राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी से अपील की है कि ऐसे “विवादित व्यक्तियों” को तुरंत कैबिनेट पद से हटाया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज को बांटने वाली राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी और मंत्री को अपनी गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। इस घटनाक्रम से इलाके में सियासी तनाव बढ़ गया है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पुरकाजी विधानसभा क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *