DniNews.Live

बारिश से नुमाइश मैदान में जलभराव:बुलंदशहर में कार्यक्रम प्रभावित, रात के शो अब निकुंज हॉल में होंगे

बुलंदशहर में हुई बारिश ने जिला कृषि औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी (नुमाइश) की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। नुमाइश मैदान में जगह-जगह पानी भर जाने से पूरे परिसर में कीचड़ फैल गया, जिससे कार्यक्रमों के आयोजन पर गंभीर असर पड़ा। बारिश के कारण ओपन स्टेज मैदान पूरी तरह जलमग्न हो गया। इसके चलते आयोजकों को कार्यक्रम स्थल बदलना पड़ा। अब सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम निकुंज हॉल में आयोजित किए जाएंगे। सुबह 11 बजे प्रस्तावित नवाचार प्रदर्शनी भी बारिश और जलभराव के कारण रद्द कर दी गई, जिससे प्रतिभागियों और दर्शकों को निराशा हुई। मौसम साफ न होने और आसमान में बादल छाए रहने के कारण शाम को होने वाले कार्यक्रमों पर भी अनिश्चितता बनी हुई है। यदि मौसम में सुधार नहीं होता है, तो आयोजकों को आगे के कार्यक्रमों में भी बदलाव करना पड़ सकता है। नुमाइश में दर्शकों की संख्या में भी कमी दर्ज की गई। नुमाइश में लगे दुकानदारों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दुकानों के सामने और भीतर तक कीचड़ भर जाने से दुकानदार पूरे दिन सफाई में जुटे रहे। कई जगहों पर फिसलन की स्थिति बन गई, जिससे आने-जाने वाले लोगों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल नुमाइश के दौरान बारिश से जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *