DniNews.Live

बारिश के बीच भी नहीं कम हुई गैस की लाइन:गोरखपुर में लोग घटों करते रहे इंतजार, गोल्डन गैस पर 17 मार्च की बुकिंग की हो रही डिलीवरी

गोरखपुर में एलपीजी गैस की किल्लत लगातार बनी हुई है और लोगों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही। शनिवार को शहर के ट्रांसपोर्ट नगर स्थित इंडियन गैस की गोल्डन गैस एजेंसी पर सुबह से ही लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गईं। देखते ही देखते करीब 200 लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए कतार में खड़े हो गए। गोल्डन गैस एजेंसी पर बारिश में भी लगे रहे लोग
सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी भी होती रही, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। लाइन में लगे लोग खुद को बचाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते नजर आए। कोई हेलमेट पहनकर खड़ा था, तो कोई छाता या गमछे का सहारा ले रहा था। कुछ लोग आसपास के खाली मकानों में बारिश से बचते दिखाई दिए, लेकिन अपनी बारी का इंतजार करते रहे। लोगों ने बताई अपनी समस्या
दैनिक भास्कर से बात करते हुए मसूद ने बताया कि “डीएसी नंबर आया हुआ है। मैने आज ही बुकिंग की है। लेकिन एजेंसी पर लोग बोल रहे हमारे यहां 17 मार्च डेट वाली बुकिंग को ही दिया जाएगा। मैं सुबह से ही लाइन में खड़ा हुं। अब खाली हाथ जाना पड़ेगा।” ऐसे ही कई अन्य लोगों ने भी अपनी परेशानी बताई, लेकिन जब कैमरे पर बोलने की बात आई तो कोई भी सामने आने को तैयार नहीं हुआ। इस पूरे मामले पर गोल्डन गैस एजेंसी के मैनेजर विवेक तुली ने कहा कि “हमारे यहां आज 2 गाड़ी गैस आई है। जो अभी के लिए पर्याप्त है। हमने फर्स्ट इन फर्स्ट आउट पॉलिसी मेंटेन करने अधिक भीड़ न हो उसके लिए 4 दिन बैक डेट का वितरण कर रहे हैं। जिसका डीएसी नंबर नहीं आया है उसको हम वापस भेज दे रहे।” भारत गैस के एजेंस पर 500 से अधिक लोग पहुंचे
वहीं, दूसरी तरफ गंगा गैस एजेंसी पर हालात और भी गंभीर नजर आए। यहां लोगों की भीड़ भोर 3 बजे से ही लगनी शुरू हो गई थी। लोग बारिश में भीगते हुए सिलेंडर लेकर एजेंसी तक पहुंच रहे थे। शुक्रवार को गैस की कमी के कारण करीब 150 लोगों को बिना सिलेंडर लिए वापस जाना पड़ा था, जिन्हें शनिवार को बुलाया गया। दैनिक भास्कर से बात करते हुए संतोष कुमार ने बताया कि “कल जो वापस हुए थे। उनको काले पेन से साइन करके आज बुलाया गया था। मैने कई लोगों की कॉपी में खुद से लिखते और काले पेन की जगह नीला लिखावट देखा है।” वहीं एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि “गैस के लिए 4 बजे से लाइन में लगा हूं। इसी बीच बारिश होने से समस्या और बढ़ गई है। किसी तरह इधर उधर से हमलोग बच रहे है। आज उम्मीद है गैस मिल जायेगा।” वितरण का काम देख रहे धनंजय राय ने बताया कि “कल की तुलना में आज अधिक गैस आया है। आज लगभग सबको मिल जाना चाहिए। जिसको आज नहीं मिल पायेगा उसके हम कल देंगे। लोगों को थोड़ा धैर्य रखना चाहिए।” शहर में गैस की किल्लत के कारण लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। बारिश और अव्यवस्था के बीच लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि एजेंसियों का दावा है कि सप्लाई धीरे-धीरे सामान्य की जा रही है, लेकिन फिलहाल हालात पूरी तरह से सुधरते नजर नहीं आ रहे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *