DniNews.Live

बाराबंकी में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला:पति ने लगाया अवैध संबंध का आरोप, दो दिन पहले हुई थी सुलह

बाराबंकी के त्रिलोकपुर क्षेत्र में थाना फतेहपुर के शाहपुरचकबहेरवा गांव में 28 वर्षीय विवाहिता रीना देवी का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। रीना देवी की शादी छह साल पहले 2020 में फतेहपुर क्षेत्र के शाहपुरचकबहेरवा निवासी वीरेंद्र कुमार से हुई थी। वह सफदरगंज थाना क्षेत्र के बनाउं गांव की रहने वाली थीं। दंपति के दो मासूम बच्चे हैं, जिनमें शिवा (6) और शिवांश (4) शामिल हैं। पति वीरेंद्र खेती करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सोमवार सुबह जब पति वीरेंद्र अपनी सास को लेकर काम से बाहर गए हुए थे, तभी उनके मासूम बेटे शिवा ने अपनी मां को साड़ी से झूलते देखा। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, जहां रीना का शव फंदे से लटका पाया गया। पुलिस और पति वीरेंद्र के अनुसार, करीब दो दिन पहले वीरेंद्र कुमार ने पुलिस को एक तहरीर दी थी। इसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी गांव के ही कई लड़कों से बात करती है। इस मामले में मृतका की मां की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें घर भेज दिया था। सुलह के ठीक अगले दिन विवाहिता रीना ने फांसी लगाकर जान दे दी। इस संबंध में फतेहपुर थाना प्रभारी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि पति वीरेंद्र ने दो दिन पहले अपनी पत्नी पर अवैध संबंध का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई थी। उन्होंने पुष्टि की कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *