बाराबंकी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाते हुए नवाबगंज तहसील की गल्ला मंडी और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान व्रत-फलाहार में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों के 5 नमूने जांच के लिए लिए गए। एसडीएम सदर के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य-II) शैलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने बाजार में पहुंचकर सघन निरीक्षण किया। टीम के पहुंचते ही मंडी में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान अमित एंटरप्राइजेस से खुला साबूदाना, हर्ष किराना स्टोर से कुट्टू का आटा, ओम एंटरप्राइजेस से छुआरा, गोपाल ट्रेडर्स से साबूदाना और जय ट्रेडर्स से किशमिश के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। इसके अलावा टीम ने 15 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, भंडारण और गुणवत्ता मानकों की जांच की। कुछ दुकानों में पैकेट बंद खाद्य सामग्री के रखरखाव में कमियां मिलने पर संबंधित व्यापारियों को सुधार नोटिस जारी किए गए। सहायक आयुक्त शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि विभाग विशेष रूप से खुले में बिक रहे साबूदाना और कुट्टू के आटे की गुणवत्ता को लेकर सतर्क है। उन्होंने लोगों से अपील की कि खाद्य पदार्थ खरीदते समय निर्माता का नाम, पैकेजिंग और एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच रिपोर्ट में मिलावट पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरद पाण्डेय सहित अरुण कुमार, भगौती प्रसाद, पल्लवी तिवारी, अर्शी फारूकी, सलिल सिंह और डॉ. अंकिता यादव शामिल रहे।

Leave a Reply