DniNews.Live

बागपत में 8 घंटे से बारिश, गर्मी से राहत:किसानों को गेहूं, आलू, सरसों की फसल में भारी नुकसान की आशंका

बागपत में पिछले 8 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से गेहूं, आलू और सरसों की फसलों को भारी नुकसान की आशंका है।

कई क्षेत्रों में सरसों की फसल को 50 प्रतिशत तक नुकसान होने की खबर है। बारिश के साथ चली तेज हवाओं के कारण गेहूं की फसल भी खेतों में गिर गई है, जिससे उपज में कमी आने की संभावना है। किसान इस अप्रत्याशित मौसम से काफी चिंतित हैं।

इस बारिश के बाद बागपत की हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 98 पर आ गया है, जिससे लोगों को शुद्ध हवा मिल रही है और प्रदूषण से राहत मिली है। दिन का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जिससे गर्मी से काफी राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 घंटे तक और बारिश होने की संभावना है। किसान फिलहाल बारिश रुकने का इंतजार कर रहे हैं ताकि वे अपनी फसलों को हुए वास्तविक नुकसान का आकलन कर सकें। उन्होंने सरकार से फसल नुकसान के मुआवजे की भी मांग की है।

स्थानीय निवासियों विनोद, राकेश और शाहरुख ने बताया कि बेमौसम बारिश ने किसानों को परेशान किया है, हालांकि इससे गर्मी से राहत मिली है। उनका कहना है कि तेज हवाओं से फसलें प्रभावित हो रही हैं। मौसम साफ होने के बाद ही नुकसान का सही अनुमान लगाया जा सकेगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *