बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र की माता कॉलोनी में किस्त जमा कराने के बहाने 23 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित खालिद ने दिल्ली रोड स्थित एक होंडा एजेंसी से खरीदी अपनी मोटरसाइकिल की किस्तें जमा न होने और बाइक खराब हालत में लौटाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। खालिद ने कोतवाली में दर्ज शिकायत में बताया कि उसने अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल किस्तों पर खरीदी थी। पारिवारिक समस्याओं के कारण उसकी दो किस्तें समय पर जमा नहीं हो पाई थीं। पीड़ित के अनुसार, 25 जून 2025 को शोरूम से जुड़े दो व्यक्ति उसके घर पहुंचे। उन्होंने बकाया किस्तें जमा कराने का आश्वासन दिया और उसकी मोटरसाइकिल अपने साथ ले गए। इसके बदले में उन्होंने खालिद से 23 हजार रुपये की मांग की। खालिद ने 30 दिसंबर 2025 को आरोपियों को 23 हजार रुपये का भुगतान किया, जिसका वीडियो सबूत भी उसके पास मौजूद है। हालांकि, आरोपियों ने न तो किस्तें जमा कराईं और न ही समय पर मोटरसाइकिल को सही हालत में वापस किया। जनवरी 2026 में जब बाइक वापस मिली, तो उसका पिछला टायर बदला हुआ था, पेट्रोल टैंक खाली था और उस पर 2000 रुपये का चालान भी कटा हुआ था। 26 मार्च 2026 को जब खालिद के पास फाइनेंस कंपनी का फोन आया कि उसकी रकम जमा नहीं हुई है, तब उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने पैसे लेने वाले आरोपियों से संपर्क किया। इस पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए किस्तें जमा न कराने की बात कही। खालिद ने आज शुक्रवार को बागपत कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply