बागपत में हाईवे पर भूसे से भरे ट्रैक्टर में आग:डेढ़ किमी तक दौड़ा, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू; लाखों का नुकसान
![]()
बागपत में हाईवे पर भूसे से भरे ट्रैक्टर में आग:डेढ़ किमी तक दौड़ा, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू; लाखों का नुकसान
बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर देर रात भूसे से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में अचानक आग लग गई। कलेक्ट्रेट के पास हुई इस घटना से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क के एक तरफ लंबा जाम लग गया। आग लगते ही मौके पर धुआं और लपटें उठने लगीं, जिससे गुजर रहे वाहन चालकों में दहशत फैल गई। देर रात हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। डेढ़ किलोमीटर तक चलता रहा ट्रैक्टर जानकारी के मुताबिक, हरियाणा से भूसा लेकर आ रहे ट्रैक्टर चालक नौशाद को आग लगने का शुरू में पता ही नहीं चला। पीछे से आ रहे कुछ वाहन चालकों ने उन्हें आवाज देकर और इशारा करके आग लगने की जानकारी दी। नौशाद ने बताया कि आग लगने के बाद भी वह करीब डेढ़ किलोमीटर तक ट्रैक्टर चलाते रहे, लेकिन उन्हें पीछे लगी आग का अंदाजा नहीं हुआ। जब तक उन्होंने वाहन रोका, तब तक आग ने ट्रॉली में भरे भूसे को तेजी से अपनी चपेट में ले लिया था। पुलिस और दमकल टीम ने संभाला मोर्चा घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर यातायात को नियंत्रित किया, ताकि आग के कारण कोई बड़ा हादसा न हो। आग बुझने के बाद ही हाईवे पर स्थिति सामान्य हो सकी। एक तरफ लगा लंबा जाम, बाद में यातायात हुआ सामान्य आग लगने की वजह से हाईवे के एक हिस्से पर लंबा जाम लग गया। कई वाहन कुछ देर तक सड़क पर फंसे रहे। पुलिस ने तत्काल ट्रैफिक डायवर्ट कर और वाहनों को नियंत्रित कर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया। स्थिति सामान्य होने के बाद स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। लाखों का नुकसान, कारणों की जांच जारी ट्रैक्टर चालक नौशाद ने बताया कि इस आगजनी में उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली और भूसे को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि आग किसी तकनीकी खराबी या चिंगारी की वजह से लगी हो सकती है। पुलिस और संबंधित टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
