DniNews.Live

बागपत में संचारी रोग नियंत्रण अभियान:डीएम ने बैठक कर दिए सख्त निर्देश, 1 अप्रैल से होगा शुरू

बागपत में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक प्रस्तावित दस्तक अभियान पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी विभागों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी और मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी देंगी। डीएम ने गांवों और शहरों के प्रत्येक मोहल्ले में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कहीं भी जलभराव न होने पाए और एंटी लार्वा का नियमित छिड़काव कराया जाए। मच्छरों की संख्या नियंत्रित करने के लिए समय-समय पर फॉगिंग भी की जाए। बैठक में विकासखंड छपरौली में कार्य संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विकास अधिकारी और सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई की स्थिति का लगातार निरीक्षण करने और अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राहुल वर्मा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तीरथ लाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *