बागपत में गन्ने के जूस को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। PWD गेस्ट हाउस के पास हाइवे पर दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। यह विवाद एक रस विक्रेता और दो बाइकों पर सवार दो दंपतियों के बीच शुरू हुआ था। शुरुआती कहासुनी जल्द ही गाली-गलौच और फिर हाथापाई में बदल गई। मारपीट के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर किसी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली बागपत पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस के पहुंचने पर भी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। पुलिस ने उन्हें शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली बागपत प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply