DniNews.Live

बाइक सवार को बचाने में कार तीन बार पलटी:4 साल की बच्ची समेत परिवार सुरक्षित, आगरा से गंगा स्नान करने जा रहे थे

फिरोजाबाद के थाना पचोखरा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसा टल गया। एक कार चालक ने बाइक सवार को बचाने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया, जिससे तेज रफ्तार कार सड़क पर तीन बार पलट गई। गनीमत रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। यह घटना नगला दल के पास हुई। कार में आगरा निवासी शिवराम अपने परिवार और साथियों के साथ गंगा स्नान के लिए सोरोंजी जा रहे थे। कार में रामवीर सिंह (55 वर्ष), शांति देवी (70 वर्ष), सुनीता देवी (45 वर्ष), बीनू (40 वर्ष) और 4 वर्षीय दामिनी सवार थीं। जानकारी के अनुसार, जैसे ही कार नगला दल के पास पहुंची, अचानक सामने एक बाइक सवार आ गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने कार मोड़ी, जिससे संतुलन बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर सड़क पर तीन बार पलट गई। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार के शीशे तोड़कर सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार, सभी की हालत खतरे से बाहर है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि कार की रफ्तार और अधिक होती या संतुलन पूरी तरह बिगड़ जाता, तो यह एक बड़ा हादसा हो सकता था। सभी यात्रियों के सुरक्षित होने पर परिजनों ने संतोष व्यक्त किया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *