हरदोई में सांडी-जरौली नेवादा मार्ग पर एक सड़क हादसे में पैदल चल रहे एक किसान की मौत हो गई। उन्हें तेज रफ्तार बाइक सवार तीन युवकों ने टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक पर सवार एक युवक भी घायल हुआ, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए। यह घटना शनिवार देर रात ऊसर पुरवा के पास हुई। सांडी थाना क्षेत्र के ऊसर पुरवा निवासी 52 वर्षीय लालाराम अपने खेत से घर लौट रहे थे। इस दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से लालाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक पर पीछे बैठा एक युवक भी गिरकर जख्मी हो गया। दोनों घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। लालाराम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि अस्पताल प्रशासन से मिली सूचना के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। लालाराम खेती करते थे और उनका एक 17 वर्षीय पुत्र निमित है।

Leave a Reply