DniNews.Live

बहराइच में पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़:अधिकारी बोले- जिले में ईंधन की पर्याप्त आपूर्ति, अफवाहों के बहकावे में न आएं

बहराइच जनपद में गुरुवार को पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाहें फैलने के बाद नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों के साथ पंपों पर पहुंचने लगे, जिससे कई स्थानों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नगर के झींगा घाट और टिकोरा मोड़ के पास स्थित पेट्रोल पंपों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों के पंपों पर भी लंबी कतारें देखी गईं। भीड़ के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया, जिसने कतारबद्ध तरीके से वितरण सुनिश्चित किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह स्थिति केवल अफवाहों के कारण उत्पन्न हुई है। जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी नरेंद्र तिवारी ने बताया कि जनपद में 121 फीलिंग सेंटर हैं। सभी पंपों पर पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और कंपनियों द्वारा नियमित आपूर्ति जारी है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की। पेट्रोल पंप संचालकों ने भी ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अफवाहों के कारण ही लोग एक साथ बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं, जिससे अस्थायी रूप से दबाव बढ़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और आवश्यकतानुसार ही तेल लेने की सलाह दी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *