हाथरस में रविवार शाम 4 बजे बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बाईपास स्थित प्रधान होटल में हुई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करना था। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजकपूर ने की, जिसमें अलीगढ़ मंडल के प्रभारी रणवीर सिंह कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मंडल प्रभारी रणवीर सिंह कश्यप ने पार्टी पदाधिकारियों को बहन मायावती द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने सभी समाज के लोगों के बीच भाईचारा कायम करने और उन्हें बसपा की नीतियों से परिचित कराने पर जोर दिया। कश्यप ने कार्यकर्ताओं से हर विधानसभा के बूथ स्तर पर जाकर यह बताने को कहा कि बहन मायावती सभी वर्गों के सम्मान में खड़ी हैं। जनता की हर कसौटी पर खरी उतरेंगी। कश्यप ने विश्वास व्यक्त किया कि जिस प्रकार पूर्व में मायावती के नेतृत्व वाली बसपा सरकार को लोग याद करते हैं, उसी प्रकार अब बहन जी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2027 में उत्तर प्रदेश में पांचवीं बार बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनाना है। जिलाध्यक्ष राजकपूर ने सभी बूथ, सेक्टर, विधानसभा और जिला कमेटी के सदस्यों से पार्टी के लिए अपना बहुमूल्य समय देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यदि किसी पदाधिकारी के पास समय नहीं है, तो वह स्वेच्छा से दूसरे साथियों को कार्य करने का अवसर दें और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में सहयोग करें। उन्होंने दोहराया कि बसपा में सर्व समाज के सम्मान का पूरा ख्याल रखा जाता है। बैठक में जिला महासचिव शाहिद कुरैशी, विधानसभा अध्यक्ष महिपाल सिंह, विधानसभा सचिव दिनेश चौधरी, आशीष कुमार, विधानसभा प्रभारी संजय सिंह (संजू भैया), संजय बघेल और जिला कार्यकारी सदस्य मोनू गौतम सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
https://ift.tt/30sB8pQ
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply