DniNews.Live

बस्ती में मां-बेटों समेत तीन गिरफ्तार:113 ग्राम स्मैक और 1 लाख रुपये नकद बरामद

बस्ती पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मां-बेटों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 113.06 ग्राम स्मैक और एक लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। प्रभारी निरीक्षक मोती चन्द के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम ने रविवार को आनंद नगर कटरा स्थित दीपक कंप्यूटर्स के पास छापेमारी कर यह सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक कुमार (24), शिवांश गुप्ता (21) और उनकी मां राजकुमारी देवी (करीब 50 वर्ष) शामिल हैं, जो न्याय मार्ग, कचहरी रोड, आनंद नगर कटरा के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी संगठित रूप से स्मैक की तस्करी में लिप्त थे और क्षेत्र में इसकी आपूर्ति कर रहे थे। गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि दीपक कुमार और शिवांश गुप्ता के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और धमकी से संबंधित मामले दर्ज हैं, जिससे उनकी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता की पुष्टि होती है। सीओ सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और युवाओं को नशे से बचाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मोती चन्द के साथ उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह, जितेन्द्र सिंह, अजय कुमार यादव, जय प्रकाश मिश्रा, अनुपम त्यागी, पवन कुमार मौर्या, कृष्ण प्रताप त्रिपाठी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *