DniNews.Live

बस्ती में महिला हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार:रेलवे ट्रैक पर शव फेंककर दुर्घटना दिखाने की कोशिश, नाकाम

बस्ती पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर मिली महिला के शव के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने महिला की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को रेलवे ट्रैक पर फेंककर दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की थी। पुलिस के अनुसार, 6 मार्च 2026 को गोविंद नगर रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर एक महिला का शव मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई, जिसमें मृतका की पहचान शहर के कटरा गांधीनगर निवासी महिला के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच के बाद 21 मार्च को मृतका के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी। थानाध्यक्ष वाल्टरगंज के नेतृत्व में स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी अभिषेक श्रीवास्तव (30) निवासी पिकौरा, थाना गौर को अटरा पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से मृतका का मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मृतका के घर से जुड़ा हुआ था और उनके बीच पैसों का लेन-देन भी था। जमीन के सौदे में शेष रकम के दबाव के चलते उसने हत्या की साजिश रची। 5 मार्च की शाम उसने महिला को लखनऊ ले जाने के बहाने बुलाया और रास्ते में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया ताकि यह एक दुर्घटना लगे। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि मामले के अनावरण के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी और साक्ष्य आधारित जांच के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी तक पहुंचना संभव हो पाया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *