बस्ती जिले के कप्तानगंज क्षेत्र में शुक्रवार शाम लगभग छह बजे आई तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई। इस आंधी के कारण एक महिला की जान चली गई, वहीं एक गरीब दुकानदार की गुमटी पूरी तरह नष्ट हो गई। पहली घटना कठार जंगल राजस्व ग्राम में हुई, जहाँ कैलाशावती उम्र 65 वर्ष पत्नी रामनयान शाम को रामपुर चौराहे से सब्जी खरीदकर घर लौट रही थीं। घर से मात्र 100 मीटर पहले तेज आंधी में एक विशाल चिलबिल का पेड़ उन पर गिर गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। तस्वीरें देखिए… परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख उन्हें बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, रास्ते में ही कैलाशावती की मृत्यु हो गई। उनके पीछे दो पुत्र — चौथी और सौकी — हैं। शनिवार, 28 मार्च 2026 को सुबह नगर थाने के एसआई मोहम्मद मुस्तफा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। राजस्व टीम में कानूनगो तिलकपुर रविंद्र प्रसाद और नायब कानूनगो परमानंद पांडे मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान सहित स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। उसी आंधी की चपेट में कप्तानगंज के महेश कहार की छोटी दुकान (गुमटी) भी आ गई। सौभाग्य से, आंधी की आहट पाकर गुमटी में बैठी उनकी माता जीकिसी तरह जान बचाकर बाहर निकल गईं, लेकिन गुमटी पूरी तरह नष्ट हो गई। इस हादसे में महेश कहार को लगभग ₹20,000 की आर्थिक क्षति हुई है। इस आंधी ने क्षेत्र में जनजीवन को प्रभावित किया है। पीड़ित परिवारों को शासन-प्रशासन से उचित मुआवजे की उम्मीद है।

Leave a Reply