DniNews.Live

बसपा प्रतिनिधिमंडल ने कोल्ड स्टोरेज हादसे का किया दौरा:मृतकों के परिवार को 50 लाख, घायलों को 20 लाख मुआवजा देने की मांग

बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर बुधवार को बहुजन समाज पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल प्रयागराज के फाफामऊ स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज पहुंचा। यहां 23 मार्च को कोल्ड स्टोरेज की जर्जर इमारत ढहने से कई लोगों की मौत हो गई थी। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीएसपी मंडल कॉर्डिनेटर राजू गौतम ने किया। उन्होंने मौके का मुआयना कर हालात का जायजा लिया। राजू गौतम ने इसे बेहद दुखद घटना बताते हुए प्रशासन की लापरवाही का परिणाम ठहराया। उन्होंने आशंका जताई कि मलबे में अभी भी कुछ लोग दबे हो सकते हैं। घटना के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से प्रत्येक मृतक के परिवार को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा और घायलों को 20-20 लाख रुपये की सहायता देने की अपील की। बीएसपी प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से जर्जर इमारतों, पुलों और भवनों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। राजू गौतम ने कहा कि जान सबकी कीमती है, चाहे मजदूर हो या कोई और। सरकार को दोबारा ऐसी घटनाओं को रोकना सुनिश्चित करना चाहिए। आय दिन ऐसी खबरें आ रही हैं, जो लोगों की जिंदगियां छीन रही हैं। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल पास के मोरहू गांव पहुंचा। जहां हादसे में इलेक्ट्रिशियन जगदीश की मौत हो गई थी। बीएसपी ने पीड़ित परिवार को सहायता राशि के साथ राहत सामग्री प्रदान की। गौतम ने कहा कि बीएसपी दुख के इस मौके पर हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। पार्टी हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *