बलिया के रेवती बीआरसी केंद्र से बुधवार को नवीन सत्र के पहले दिन ‘स्कूल चलो रैली’ निकाली गई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया और पिछले सत्र में सर्वाधिक नामांकन करने वाले प्रधानाध्यापकों को सम्मानित भी किया गया। यह पहली बार है कि नए शैक्षणिक सत्र के पहले ही दिन विद्यालयों में पाठ्य पुस्तकें पहुंच गई हैं। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय की छात्राओं को नवीन सत्र की पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं।
‘स्कूल चलो रैली’ अभियान का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी शकील अहमद ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी दुर्गा प्रसाद सिंह भी मौजूद रहे। रैली बीआरसी प्रांगण से निकलकर सीएचसी, बस स्टैंड, थाना और सीबीआई शाखा होते हुए वापस बीआरसी परिसर में समाप्त हुई। पिछले सत्र में सर्वाधिक नए छात्रों का नामांकन करने वाले छह विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया। उन्हें माल्यार्पण, अंगवस्त्रम, बुके, डायरी और पेन आदि भेंट कर उनकी सराहना की गई।
सम्मानित होने वाले प्रधानाध्यापकों में कंपोजिट विद्यालय भोजछपरा के रवि प्रकाश भारती, उच्च प्राथमिक विद्यालय मुन छपरा के वेद रतन चौबे, कंपोजिट विद्यालय पकहां के मन्नू राम, कंपोजिट विद्यालय डुमरियां की नीलम श्रीवास्तव, उच्च प्राथमिक विद्यालय मंगीछाप के अविनाश कुमार और प्राथमिक विद्यालय सहतवार नंबर एक के संदीप कुमार तिवारी शामिल थे।
इससे पहले, खंड शिक्षा अधिकारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालय में नवीन सत्र के पहले दिन छात्र-छात्राओं का स्वागत टीका लगाकर, आरती उतारकर और पुष्प वर्षा के साथ किया। खंड शिक्षा अधिकारी दुर्गा प्रसाद सिंह ने बताया कि शिक्षा क्षेत्र रेवती के सभी विद्यालयों में पाठ्य पुस्तकें पहुंच चुकी हैं। इस अवसर पर कामिनी पाण्डेय, हरिशंकर सिंह, प्रदीप शुक्ला, सूर्यभान, ममता सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply