बलिया में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को पैर में गोली लगने से घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने एक अन्य बदमाश को भी मौके से पकड़ा है। घटना सोमवार रात बैरिया थाना क्षेत्र की है। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर ने बताया कि बैरिया पुलिस गश्त पर थी। मुखबिर की सूचना पर बुधनचक से दया छपरा नौरंगा मार्ग पर डकैती और लूट के वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश पुनीत कुमार (निवासी सिवान टोला चांद दियर) के दाहिने पैर में और चंदन उर्फ माही (निवासी रकबा टोला बैरिया) के बाएं पैर में गोली लगी।
पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल के पास लेटे हुए बदमाश राघव पाण्डेय (निवासी रकबा टोला बैरिया) को भी गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, एक मेहंदी, एक करधनी, एक मांगटीका, दो टप्स और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पूछताछ में पता चला कि घायल बदमाश और राघव पाण्डेय 8-9 फरवरी की रात भीखा छपरा गांव से जेवरात (एक मेहंदी, एक करधनी, एक मांगटीका, दो टप्स) की डकैती में शामिल थे। इसके अलावा, 3 मार्च की रात चकिया बैरिया मुख्य मार्ग से एक मोटरसाइकिल लूटने की वारदात को भी अंजाम दिया था।

Leave a Reply