बलिया जनपद के विकास भवन कार्यालय में बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित हुए और छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) से मुलाकात की। सीडीओ ने छात्रों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और उन्हें छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि तकनीकी कारणों की वजह से कुछ बाधाएं आ रही हैं, लेकिन सभी पात्र छात्रों के आवेदन संस्तुति सहित शासन को भेज दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि निदेशालय स्तर से जल्द ही सभी जनपदों की छात्रवृत्ति राशि छात्रों के खातों में स्थानांतरित कर दी जाएगी। साथ ही छात्रों को अपने बैंक खातों का केवाईसी (KYC) और एनपीसीआई (NPCI) पूरा कराने की सलाह दी, ताकि भुगतान में किसी प्रकार की समस्या न हो।
इस दौरान सीडीओ ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्रों के आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन छात्रों के दस्तावेज पूर्ण हैं और जो पात्र हैं, उनकी छात्रवृत्ति के भुगतान में अनावश्यक देरी नहीं होगी। सीडीओ ने छात्रों से अपील की कि वे अपने शिक्षण संस्थानों के माध्यम से आवेदन की स्थिति की नियमित निगरानी करें और जरूरत पड़ने पर पोर्टल हेल्पडेस्क का उपयोग करें। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिकारी और विकास भवन के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply