बलिया पुलिस ने जीरा बस्ती स्थित आकाश नर्सिंग होम के चिकित्सक डॉ. हेमंत कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी एक गर्भवती महिला की ऑपरेशन के दौरान मौत के मामले में की गई है। पुलिस ने आरोपी चिकित्सक को संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया। सुखपुरा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी दीनबंधु कुमार राजभर ने 27 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी 25 वर्षीय गर्भवती पत्नी कुसुम राजभर को 25 मार्च की सुबह लगभग 10 बजे आशा कार्यकर्ता के माध्यम से आकाश नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था।
शिकायत के अनुसार, 26 मार्च की सुबह 10 बजे डॉ. हेमंत कुमार सिंह और अस्पताल के स्टाफ ने कुसुम की हालत गंभीर बताकर सिजेरियन ऑपरेशन के लिए दबाव बनाया। उनसे जबरन 30 हजार रुपये भी जमा कराए गए। ऑपरेशन के दौरान ही कुसुम राजभर की आकाश नर्सिंग होम में मौत हो गई।
तहरीर के आधार पर सुखपुरा थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। शुक्रवार को थाना सुखपुरा पुलिस टीम ने थानाध्यक्ष रत्नेश कुमार दूबे के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। डॉ. हेमंत कुमार सिंह को बसंतपुर मार्ग स्थित यूनिवर्सिटी मोड़ के पास से हिरासत में लिया गया।
इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया था। बाद में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अस्पताल से मरीजों को जिला चिकित्सालय में स्थानांतरित करने के बाद उसे सील कर दिया गया था। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही पूरी कर न्यायालय भेजा गया।

Leave a Reply