बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। इसमें औद्योगिक विकास, आधारभूत सुविधाओं और व्यापारियों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने विभिन्न मुद्दों पर संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र बनरही में जल निकासी की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी बिड में खामियों के कारण प्रक्रिया दोबारा शुरू की गई है। नई बिड पूरी होने के बाद 15-20 दिनों के भीतर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। व्यापारियों ने इंडस्ट्रियल एरिया में नियमित साफ-सफाई और आरओ प्लांट स्थापित करने की भी मांग की। एक व्यापारी ने शिकायत की कि उद्योग विभाग से भूमि मिलने और उद्योग स्थापित करने के बावजूद खतौनी में जमीन ‘बंजर’ दर्ज है, जिससे स्थानीय लोग आपत्ति करते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने उद्योग विभाग को अभिलेखों को तत्काल सही कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने वार्ड नंबर 10 में जगन्नाथ चौधरी की मूर्ति के पास सड़क पर बस के सहारे लटकते बिजली के तारों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने विद्युत विभाग को तुरंत सुधार करने के आदेश दिए। साथ ही, मंडी तिराहे पर हाई वोल्टेज लाइट लगाने के निर्देश नगर पालिका और मंडी प्रशासन को दिए गए। बड़ी बाजार बांसडीह और नगर पंचायत बैरिया के रानीगंज पुल के पास शौचालय निर्माण की मांग भी बैठक में उठी। इस पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बैंकों को मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आवेदनों को अनावश्यक रूप से निरस्त न किया जाए, बल्कि आवेदकों की कमियों को बताकर उन्हें सुधारने में सहयोग करते हुए ऋण उपलब्ध कराया जाए। इसका उद्देश्य नए उद्योग स्थापित करना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, एडीएम अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply