बलरामपुर पुलिस ने ‘पैसा दोगुना’ करने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति से करीब 9 लाख रुपये और सोना हड़प लिया था। यह धोखाधड़ी कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में हुई। यह मामला 10 फरवरी 2026 का है, जब आरोपी किशोरी लाल ने अपने साथियों राकेश और भुर्रे के साथ मिलकर दुर्गेश सोनी को पैसा दोगुना करने का लालच दिया। पीड़ित दुर्गेश सोनी से आरोपियों ने मोटी रकम और आभूषण ऐंठ लिए। हालांकि, न तो पैसा दोगुना हुआ और न ही पूरी रकम वापस मिली, जिसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने 17 मार्च 2026 को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, टीम ने तेजी से कार्रवाई की। 20 मार्च को मुखबिर की सूचना पर, पुलिस ने मुख्य आरोपी किशोरी लाल को हरिहरगंज के पास निर्माणाधीन रिंग रोड फ्लाईओवर से धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी किशोरी लाल ने कबूल किया कि ठगी की रकम में से उसे 50 हजार रुपये मिले थे। उसने बताया कि इसमें से 25 हजार रुपये उसने अपनी बेटी के खाते में जमा किए और बाकी रकम खर्च कर दी। पुलिस ने आरोपी के पास से 2230 रुपये बरामद किए हैं। फिलहाल, पुलिस इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply