बलरामपुर में मंगलवार शाम को एक तेंदुए ने घर के आंगन से 25 दिन की बच्ची को उठाकर ले जाने की कोशिश की। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ बच्ची को छोड़कर भाग गया। लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। मामला हरैया सतघरवा क्षेत्र के मिनौहनी गांव का है। घटना के अनुसार, गांव निवासी नंदलाल की 25 दिन की बेटी संगीता आंगन में चारपाई पर लेटी थी। उसी दौरान तेंदुआ घर में घुस आया और बच्ची को उठाकर भागने लगा। बच्ची की मां संजू उस समय घर के अंदर खाना बना रही थीं। तेंदुआ जंगल की ओर भागा बच्ची को उठाते देख मां ने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण तेंदुए के पीछे दौड़े। ग्रामीणों की भीड़ और शोर के चलते तेंदुआ बच्ची को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। हालांकि तेंदुए के जबड़े में दबने से बच्ची के मुंह और गले पर गंभीर चोटें आई थीं।
जिससे गंभीर हालत में बच्ची को उसके चाचा इंद्रजीत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा ले गए। जहां से उसे जिला मेमोरियल अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वन क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार ने बताया- तेंदुए के हमले से नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में वन विभाग की टीम तैनात कर दी गई है। इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply