पहाड़ों पर बर्फबारी ने बिहार में कड़ाके की ठंड ला दी है। पटना समेत राज्यभर में 12 से 15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी पछुआ हवा चल रही है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में रविवार को धूप नहीं निकली। कहीं-कहीं निकली तो कुहासे के आगे दम तोड़ती नजर आई। पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सहरसा और गया में कोल्ड डे की स्थिति रही। पटना का अधिकतम तापमान 14.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3.9 डिग्री का अंतर रहा। सबसे ठंडा मुजफ्फरपुर रहा, जहां न्यूनतम और अधिकतम तापमान में महज 1.7 डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया। वहां का अधिकतम तापमान 13.8 डिग्री और न्यूनतम 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिन तक ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। रविवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान छपरा में 8.2 डिग्री और सबसे अधिक शेखपुरा में 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे घना कुहासा वाल्मीकिनगर में रहा। यहां सबसे कम विजिबिलिटी 50 मीटर रही। सोमवार को भी पटना समेत 20 जिलों में घना कुहासा छाने की संभावना है। हालांकि, पटना में दोपहर में हल्की धूप निकलने की संभावना है। एक जोड़ी फ्लाइट कैंसिल, 14 लेट
घने कोहरे की वजह से रविवार को इंडिगो की दिल्ली की एक फ्लाइट रद्द हो गई। विजिबिलिटी कम रहने से 14 जोड़ी विमान लेट रहे। पटना एयरपोर्ट पर पहली फ्लाइट कोलकाता से इंडिगो की 6ई6348 समय से 9 मिनट पहले 11:11 बजे आई। शेड्यूल के मुताबिक, पहली फ्लाइट एअर इंडिया की एआई 1749 सुबह 9:40 बजे है, लेकिन यह 1 घंटे 37 मिनट देर से आई। दिल्ली-पटना की 6 जोड़ी, बेंगलुरु-पटना की 2 जोड़ी, हैदराबाद-पटना की 2 जोड़ी, मुंबई-पटना की 2 जोड़ी, रांची-पटना की 1 जोड़ी और कोलकाता-पटना की 1 जोड़ी फ्लाइट लेट रही। विमानों के लेट होने से टर्मिनल भवन में यात्रियों की भारी भीड़ थी। एयरपोर्ट परिसर में वाहनों की कतार लगी थी। पटना एयरपोर्ट पर सुबह 9 बजे तक विजिबिलिटी 550 मीटर थी। 11 बजे के बाद विजिबिलिटी 1000 मीटर हुई। यहां विमानों के ऑपरेशन के लिए 1000 मीटर विजिबिलिटी जरूरी है। बादल का रूप ले रहा कोहरा, नहीं निकल पा रही धूप
दो जनवरी को अब तक का सबसे मजबूत पश्चिमी विक्षोभ आया है। इससे पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हुई है। ठंडी हवाएं बिहार तक आ रही हैं। दो जनवरी से बिहार में मध्यम से घना कोहरा सतह से ऊपर बना हुआ है। सतह के ऊपर जो कोहरा है, वह तेज हवा से बादल का रूप ले लेता है, जिसके कारण सूर्य की रोशनी सतह पर नहीं आ रही है। इससे दिन का तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। इसके कारण कोल्ड डे महसूस हो रहा है। अगले दो दिन तक ऐसी स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। अभी शीतलहर कहीं नहीं है, क्योंकि न्यूनतम तापमान अब भी अधिक रह रहा है। लगातार चार दिन तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम रहने के बाद शीतलहर मानी जाती है।-एसके पटेल, मौसम वैज्ञानिक आसानी से मिल रहा तेजस का टिकट
कोहरे की वजह से ट्रेनें लगातार लेट चल रही हैं। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। लेकिन, इसका एक फायदा भी है। तेजस राजधानी के लगातार लेट होने से लोग यात्रा करने से बच रहे हैं। इससे पटना-दिल्ली तेजस राजधानी का टिकट आसानी से मिल रहा है। संपूर्ण क्रांति, गरीब रथ सहित अन्य ट्रेनों के एसी कोच में छोटी वेटिंग लिस्ट है। इस बीच, जन शताब्दी एक्सप्रेस को रविवार को रद्द कर दिया गया। इसके साथ ही तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस सहित 16 ट्रेनें लेट रहीं। दिल्ली अमृत भारत 4 घंटे, इंदौर-पटना 4 घंटे, साउथ बिहार एक्सप्रेस 2 घंटे, मगध एक्सप्रेस 7 घंटे और दानापुर इंटरसिटी, इस्लामपुर-हटिया, डीडीयू-पटना मेमू, फरक्का एक्सप्रेस, वैशाली फास्ट मेमू, विक्रमशिला एक्सप्रेस, विभूति एक्सप्रेस, आरा कैपिटल एक्सप्रेस एवं बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस 1-1 घंटा लेट रही।
https://ift.tt/l1taSB8
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply