बरेली में 6 अप्रैल को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के अवशेष:आर्ट ऑफ लिविंग कार्यक्रम में दर्शन के लिए लाए जाएंगे
![]()
बरेली में 6 अप्रैल को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के अवशेष:आर्ट ऑफ लिविंग कार्यक्रम में दर्शन के लिए लाए जाएंगे
बरेली में 6 अप्रैल को एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक आयोजन होने जा रहा है। आर्ट ऑफ लिविंग परिवार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सोमनाथ ज्योतिर्लिंग से संबंधित बताए जा रहे पवित्र अवशेष शहर में लाए जाएंगे। यह आयोजन त्रिवटी नाथ मंदिर में सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक चलेगा, जिसमें पूजा, भजन-संकीर्तन और दर्शन की व्यवस्था की गई है। आयोजकों के अनुसार, ये अवशेष देश के कई राज्यों जैसे पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल और तमिलनाडु से होते हुए उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों के बाद बरेली पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम का नेतृत्व आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। अवशेषों को बेंगलुरु आश्रम से स्वामी भव्यतेज की ओर से लाया जा रहा है। एक प्रेस वार्ता में आयोजकों ने दावा किया कि ये अवशेष लंबे समय तक दक्षिण भारत में सुरक्षित रखे गए थे। उनके अनुसार, हाल ही में इन्हें परंपरा के संरक्षकों द्वारा आध्यात्मिक नेतृत्व को सौंपा गया है। आयोजकों ने इन अवशेषों के साथ ऐतिहासिक संदर्भ भी जोड़े, जिनमें 11वीं सदी में महमूद गजनवी के आक्रमण के बाद इन्हें सुरक्षित रखने की कथा शामिल है। हालांकि, इन अवशेषों की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि इतिहासकारों या आधिकारिक स्रोतों की आरे से नहीं की गई है। इसके बावजूद, श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
