DniNews.Live

बरेली में बुजुर्ग महिला का शव खेत में मिला:जंगली जानवरों ने नोचा, 6 दिन से लापता थी महिला

बरेली के क्योलाड़िया थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला का शव गेहूं के खेत में मिला है। शव को जंगली जानवरों ने नोचा हुआ था। महिला पिछले छह दिनों से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। यह घटना बरनाई केशोपुर गांव की है। मृतक महिला की पहचान 75 वर्षीय शांति देवी के रूप में हुई है। उनका शव बुधवार को उनके बेटे वीरेंद्र को अपने ही गेहूं के खेत में मिला, जब वह फसल देखने गए थे। शव की हालत देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। शांति देवी 26 मार्च को अचानक अपने घर से लापता हो गई थीं। परिवार के सदस्यों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद, उनके बेटे वीरेंद्र ने 27 मार्च को क्योलाड़िया थाने में अपनी मां की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस ने थाना प्रभारी वेद सिंह को जानकारी दी। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त शव को कब्जे में लिया। परिजनों ने कपड़ों और चप्पलों से शव की पहचान की। पुलिस ने फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया और आवश्यक सैंपल जांच के लिए भेजे। मृतका के बेटे वीरेंद्र ने बताया कि जिस खेत में शव मिला है, वह उनका ही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उनकी मां की दिमागी हालत ठीक नहीं थी और वह पहले भी कई बार खेतों में रुक जाती थीं, जिन्हें रात में ढूंढकर घर लाया जाता था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *