बरेली में बजरंग दल से निष्कासित नेता ऋषभ ठाकुर ने एक मुस्लिम लड़के की पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ऋषभ ठाकुर पहले लड़के से उसका नाम पूछता है। जैसे ही लड़का अपना नाम बताता है, ऋषभ उस पर लव जिहाद का आरोप लगाकर मारपीट शुरू कर देता है। पहले वह लड़के को गिराकर लात-घूंसों से पीटता है, फिर उससे ‘जय श्री राम’ के नारे लगवाता है। इसके बाद गालियां देते हुए चप्पलों से भी मारता है। ऋषभ ठाकुर इसी तरह के एक मामले में पहले से ही जिलाबदर है। रविवार को उसने खुद ही पिटाई का वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लड़की के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया। देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना शुक्रवार देर शाम कैंट थाना क्षेत्र की है। अब पढ़िए वीडियो में क्या कहा?
वीडियो में दिख रहा है कि सड़क किनारे एक बाइक के पास एक लड़का और लड़की खड़े हैं। ऋषभ ठाकुर लड़के से उसका नाम, पिता का नाम, उम्र और पता पूछता है। इसके बाद वह लड़की से भी बात करता है। फिर ऋषभ ठाकुर लड़के से कहता है कि उसे कई बार समझाया गया है कि “लव जिहाद” नहीं करना है। इसके बाद वह लड़के का कॉलर पकड़कर उसे कई थप्पड़ मारता है। फिर उसे नीचे जमीन पर बैठा देता है और “जय श्री राम” बोलने के लिए कहता है। इसके बाद वह चप्पल से मारते हुए कहता है- बोलो, हिंदू लड़की मेरी बहन है। इसके बाद वह लड़के को लात-घूंसों से पीटने लगता है। सड़क किनारे मुस्लिम लड़के के साथ खड़ी थी
28 मार्च (शुक्रवार) देर शाम एक नाबालिग हिंदू लड़की अपने पड़ोसी मुस्लिम युवक के साथ सड़क किनारे खड़ी होकर बात कर रही थी। इसी दौरान ऋषभ ठाकुर अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और युवक की पिटाई कर दी। ऋषभ पर आरोप है कि उसने युवक को जान से मारने की धमकी भी दी। साथ ही उसे डराया कि यदि वह पुलिस के पास जाने से बचना चाहता है तो उसे रुपये देने होंगे। डर के कारण युवक ने ऋषभ ठाकुर को 9 हजार रुपए दे दिए। मारपीट का वीडियो खुद सोशल मीडिया पर किया अपलोड
29 मार्च (शनिवार) को ऋषभ ठाकुर ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आते ही बरेली पुलिस हरकत में आ गई। कैंट पुलिस ने इस मामले में लड़की के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया और देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तड़ीपार होने के बावजूद बरेली में घूम रहा था
बजरंग दल से निष्कासित ऋषभ ठाकुर को 4 फरवरी को जिला बदर (तड़ीपार) किया गया था। 6 महीने के लिए पुलिस उसे बदायूं की सीमा में छोड़कर आई थी। लेकिन इसके बावजूद वह बरेली में छिपकर रह रहा था। कैफे कांड से चर्चा में आया था ऋषभ ठाकुर
27 दिसंबर 2025 को ऋषभ ठाकुर ने एक कैफे में घुसकर हंगामा किया था। यहां पर सुरेश शर्मा नगर की एक बीएससी नर्सिंग की छात्रा अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रही थी। इसी दौरान ऋषभ अपने 40-50 साथियों के साथ वहां पहुंच गया और छात्रा के साथ मौजूद मुस्लिम दोस्तों के साथ मारपीट की। इस दौरान कैफे में तोड़फोड़ भी की गई। घटना के बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। स्पा संचालिका से मांगी थी रंगदारी
20 फरवरी को ऋषभ ठाकुर का एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह एक स्पा संचालिका को धमकाते हुए रंगदारी मांग रहा था। वह स्पा खुलवाने की जिम्मेदारी लेने के बदले पैसों की मांग कर रहा था। इस मामले में भी बारादरी थाने में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। सीओ बोले- आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजने की तैयारी
सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि तहरीर के आधार पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर ऋषभ ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया गया। देर रात पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से वसूले गए रुपयों में से 3300 रुपये बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी जिला बदर होने के बावजूद जिले की सीमा में पाया गया, इसलिए उसके खिलाफ एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। ———————- यह खबर भी पढ़ें…. सुल्तानपुर में इंस्पेक्टर के सीने में गोली लगी:SP बोलीं- तौलिया उठाते वक्त रिवॉल्वर गिरी, उसी से बुलेट चली सुल्तानपुर के अखंड नगर थाने में तैनात इंस्पेक्टर अरुण द्विवेदी (50) को रविवार शाम 6 बजे सरकारी आवास में गोली लग गई। गोली उनके सीने को चीरते हुए कंधे में फंस गई। उन्हें लखनऊ PGI में लाया गया। जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। आज यानी सोमवार को उनकी सर्जरी की जाएगी। इंस्पेक्टर (क्राइम) अरुण द्विवेदी थाना परिसर में ही सरकारी क्वार्टर में रहते थे। एसपी चारू निगम ने बताया कि यह एक हादसा है। वो अपने कमरे में सामान रख रहे थे, तभी ये घटना हुई। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply