बरेली में फर्जी जमानत उजागर करने वाले पर हमला:शिकायत वापस न लेने पर हुई मारपीट, चार के खिलाफ केस दर्ज
![]()
बरेली में फर्जी जमानत उजागर करने वाले पर हमला:शिकायत वापस न लेने पर हुई मारपीट, चार के खिलाफ केस दर्ज
बरेली में फर्जी जमानत का खुलासा करने वाले एक व्यक्ति पर हमला किया गया है। इस घटना ने कानून-व्यवस्था और न्यायिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़े रोहली टोला निवासी शारिक अब्बासी ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2023 के एक मारपीट और बलवे के मामले में पूर्व पार्षद साजिद सकलैनी ने मृत व्यक्ति के नाम पर किसी अन्य को खड़ा कर जमानत ली। शारिक ने इस कथित फर्जीवाड़े के खिलाफ अदालत में बीएनएसएस 173(4) के तहत प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। इस मामले की सुनवाई 7 अप्रैल को होनी है। शारिक अब्बासी पर 31 मार्च को बिस्मिल्लाह होटल के पास हमला किया गया। आरोप है कि रहीस, भूरा और शमशाद नामक व्यक्तियों ने उन्हें घेर लिया और प्रार्थना पत्र वापस लेने का दबाव बनाया। जब शारिक ने इनकार किया, तो उनकी पिटाई की गई। हमलावरों ने कथित तौर पर धमकी दी कि शिकायत वापस न लेने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस मामले में मौलाना तौकीर रजा का नाम भी सामने आया है, जिनकी पार्टी आईएमसी से साजिद सकलैनी के जुड़े होने की बात कही जा रही है। साजिद सकलैनी पहले से ही एक बवाल के मामले में वांछित है और उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित है। बारादरी थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इनमें एक इनामी आरोपी भी शामिल है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
