बरेली के थाना बहेड़ी क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शुक्रवार तड़के करीब 4:00 बजे उत्तमनगर रोड पर पुलिस और गौकशों के बीच हुई सीधी मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान बदमाशों की फायरिंग में हेड कांस्टेबल सरजीत सिंह भी घायल हुए हैं। चेकिंग के दौरान हुआ आमना-सामना पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि 24/25 मार्च की रात श्यामाचरण गोटिया के जंगल में हुई गौकशी की घटना में शामिल अपराधी फिर से किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। नहर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध नीले-सफेद रंग का टेंपो आता दिखा। पुलिस ने जब उसे रोकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने गाड़ी को नहर की पटरी की तरफ दौड़ा दिया। करीब 400 मीटर आगे टेंपो फंसने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में घायल हुए बदमाश पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें फैजान (24 वर्ष) और लईक (36 वर्ष) के पैर में गोली लगी। वहीं, मौके से भागने की कोशिश कर रहे सद्दाम और रवि को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। घायल बदमाशों और घायल सिपाही को तत्काल अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। अवैध हथियारों और उपकरणों का जखीरा बरामद गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से भारी मात्रा में असलहे बरामद हुए हैं, जिनमें 315 बोर के दो तमंचे, एक 12 बोर का तमंचा और एक 7.63 बोर की रिवाल्वर, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और चले हुए खोखे, घटना में प्रयुक्त टेंपो, पशु वध के उपकरण, 10,000 रुपये नकद और 3 मोबाइल फोन बरामद हुए है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि गौकशी की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की थी, जिस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्यवाही में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से भारी मात्रा में असलाह भी बरामद हुआ है।

Leave a Reply