DniNews.Live

बरेली में नाले में गौवंश के अवशेष मिले:हिंदू संगठनों ने जताया विरोध, पुलिस छानबीन में जुटी

बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी इलाके में नाले से गौवंश के अवशेष मिलने का मामला दूसरे दिन भी गरमाया रहा। रविवार को भी अवशेष मिलने के दावों के बीच हिंदू संगठनों में आक्रोश देखा गया, हालांकि पुलिस प्रशासन की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में रही। यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब हाल ही में मथुरा में कथित गौ रक्षक ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत को लेकर पहले से ही संवेदनशील माहौल बना हुआ है। उनकी मौत के लिए गोतस्करों पर ट्रक से कुचलने का आरोप लगाया गया था। शनिवार शाम नाले में बड़ी संख्या में गौवंश के अवशेष मिलने की सूचना पर विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की मदद से नाले से अवशेष निकलवाने का काम शुरू कराया, जो रविवार को भी जारी रहा। संगठनों का दावा है कि नाले में आधा दर्जन से अधिक गायों के अवशेष मिले हैं। इससे बड़े पैमाने पर गोकशी की आशंका जताई जा रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बजरंग दल से जुड़े पदाधिकारियों ने पुलिस अधिकारियों के सामने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *