बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र स्थित फरीदापुर चौधरी में नवरात्रि और ईद के बीच गोकशी की वारदात ने हिंदू संगठनों में जबरदस्त आक्रोश पैदा कर दिया है। शनिवार शाम नाले में बड़ी संख्या में गोवंश के अवशेष उतराते मिलने की सूचना पर हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। जेसीबी से निकलवाए गए अवशेष, नाले में तैरते मिले अंग
घटनास्थल पर पहुंचे गौ रक्षकों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने माहौल बिगाड़ने की साजिश का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने मौके की नजाकत को भांपते हुए तत्काल जेसीबी मशीन मंगवाई। नाले से गोवंश के अवशेषों को बाहर निकालने का काम जारी रहा। कार्यकर्ताओं का दावा है कि नाले में करीब आधा दर्जन से अधिक गायों के अवशेष दिखाई दे रहे थे, जिससे यह साफ है कि बड़े पैमाने पर गोकशी की गई है। बजरंग दल ने पुलिस से की एनकाउंटर की मांग
बजरंग दल के गौ रक्षा प्रमुख आशीष शर्मा और सह-संयोजक निखिल गंगवार ने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर ही इंस्पेक्टर विजेंद्र कुमार और सीओ थर्ड पंकज श्रीवास्तव से कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने मांग की कि गोवंश के हत्यारों की पहचान कर उनका तत्काल एनकाउंटर किया जाए। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि इज्जतनगर क्षेत्र में गोकशी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन के आश्वासन के बाद शांत हुआ हंगामा
पुलिस अधिकारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद हिंदू संगठन के लोग शांत हुए। हिंदू संगठनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में संलिप्त लोगों पर कठोरतम कार्रवाई की अपील की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply