DniNews.Live

बरेली में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह का विपक्ष पर निशाना:ढोंगियों-भोगियों की नहीं योगियों की सरकार’, बरेली में मंत्री बोले- अब गाय के गोबर से बनेगी गैस

उत्तर प्रदेश में अब ढोंगियों और भोगियों के दिन लद चुके हैं, यहाँ सिर्फ योगियों का राज चलेगा।” योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने बरेली की धरती से विपक्ष पर यह तीखा हमला बोला। उन्होंने न केवल कानून व्यवस्था पर सीएम योगी के विधानसभा में दिए ‘मुल्ला’ वाला विवादित बयान दोहराया, बल्कि अखिलेश यादव के शासनकाल को ‘त्राहि-त्राहि’ वाला दौर बताकर सूबे की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। मंत्री ने दावा किया कि अब यूपी की अर्थव्यवस्था 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की ओर बढ़ रही है। वही उन्होंने रसोई गैस की किल्लत का समाधान बताते हुए कहा कि गाय के गोबर से गैस बनेगी। अवसर था उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर विकास योजनाओं को लेकर लगाई गई प्रदर्शनी का। दिग्गजों की मौजूदगी में गिनाईं उपलब्धियां
बरेली के पंडित राधेश्याम कथावाचक ऑडिटोरियम में विकास प्रदर्शनी लगाई गई। इस प्रदर्शनी में सभी विभागों द्वारा किए गए विकास के मॉडल प्रदर्शित किए गए। इस दौरान बरेली जनपद के सभी विधायक, सांसद, मेयर और जिला पंचायत अध्यक्ष मौजूद थे। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने मंच से सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि योगी सरकार की दो प्राथमिकताएं हैं-पहली विकास और दूसरी सुरक्षा। अपराधियों में खौफ और कानून व्यवस्था का दम
पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि जब विधानसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ बोल रहे थे, तब उन्होंने कहा था कि यूपी की कानून व्यवस्था का हाल जानना है तो बरेली के ‘लल्ला-मुल्ला’ से जाकर पूछ लो। उन्होंने कहा कि आज मीडिया में दिखता है कि पुलिसकर्मी अपराधियों को कंधे पर लेकर जाते हैं और अपराधी हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आता है। आंकड़ों के जरिए अखिलेश सरकार की घेराबंदी
मंत्री ने निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले यूपी में अखिलेश यादव की सरकार के वक्त ‘त्राहि-त्राहि’ मची थी और विकास केवल चुनिंदा जिलों तक सीमित था। पीएम मोदी के आशीर्वाद और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2017 में यूपी की जीडीपी मात्र 13 लाख करोड़ (संशोधित तथ्य) थी, जो अब इन 9 सालों में बढ़कर 36 लाख करोड़ हो गई है। प्रति व्यक्ति आय तिगुनी हो गई है और देश की अर्थव्यवस्था में यूपी का 9 प्रतिशत योगदान है। नैनीताल की झील से बड़ी बरेली की लिलौर झील
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यूपी अब बदल चुका है। 2017 में केवल 2 एक्सप्रेस-वे थे और अब 22 बन चुके हैं। यूपी में 6 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं। उन्होंने पर्यटन पर जोर देते हुए कहा कि बरेली का आंवला क्षेत्र बहुत तरक्की कर रहा है। नैनीताल की झील जहां 54 हेक्टेयर में है, वहीं आंवला की लिलौर झील 56 हेक्टेयर में फैली है, जिसमें महाभारत काल की यादें जुड़ी हैं। गाय के गोबर से दूर होगी गैस की किल्लत
मंत्री धर्मपाल सिंह ने अफवाहों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि यूपी में संसाधनों की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने जिलाधिकारी बरेली को निर्देश दिए कि हम गाय के गोबर से CBG (कंप्रेस्ड बायो-गैस) और PNG बनाने का काम करेंगे। गोबर को रिफाइन करके बायो-गैस बनाई जाएगी और उसे सिलेंडरों व पाइपलाइन के जरिए घरों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि भविष्य में गैस की किल्लत न हो।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *